अयोध्या, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री और पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के प्रथम अयोध्या आगमन पर सोमवार को कार्यकर्ताओं का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला।
जिले की सीमा में प्रवेश करने से लेकर हाईवे तक कई प्रमुख स्थलों पर उनका भव्य और ऐतिहासिक अभिनंदन किया गया। इस पूरे आयोजन में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़, गगनभेदी नारे और संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन की ज़बरदस्त झलक दिखाई दी।
रानीमऊ में बुलडोजरों से फूलों की बारिश और गदा भेंट
रुदौली विधानसभा क्षेत्र के रानीमऊ में जिले की सीमा पर प्रवेश करते ही कार्यकर्ताओं ने हरीश द्विवेदी का जोरदार स्वागत किया। विधायक रामचंद्र यादव के नेतृत्व में यहाँ बुलडोजरों से लगातार पुष्पवर्षा कर नए राष्ट्रीय महामंत्री का अभिनंदन किया गया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया।
इस दौरान विधायक रामचंद्र यादव ने उन्हें स्मृति प्रतीक के रूप में गदा भेंट की, जबकि वरिष्ठ नेता रघुनंदन चौरसिया और नगर पंचायत मां कामाख्या धाम के अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ला ने प्रतिमा भेंट कर उनका सम्मान किया। इसके बाद भेलसर के कुढ़ा सादात स्थित आंबेडकर पार्क के पास भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया।
रौनाही टोल प्लाजा पर मूसलाधार बारिश में उमड़ा जनसैलाब
स्वागत का सिलसिला हाईवे पर स्थित रौनाही टोल प्लाजा के पास और भी भव्य हो गया, जहाँ गोसाईगंज के पूर्व भाजपा विधायक इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ ‘खब्बू तिवारी’ के नेतृत्व में विशाल स्वागत समारोह आयोजित हुआ।
खराब मौसम और तेज़ मूसलाधार बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं हुआ। हजारों की संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता छाता लेकर और बारिश में भीगते हुए लगभग दो से ढाई घंटे तक अपने नेता के इंतजार में डटे रहे। यहाँ हरीश द्विवेदी का लगभग एक कुंतल वजन की विशाल माला से माल्यार्पण किया गया और बुलडोजर से पंखुड़ियों की बौछार कर उनका अभिनंदन किया गया।
‘कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत’: हरीश द्विवेदी
मंच से कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए हरीश द्विवेदी ने इस अभूतपूर्व स्नेह के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महामंत्री का दायित्व मिलना उनके लिए गौरव के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने जोर देकर कहा, “भाजपा की असली ताकत उसके निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं का यह उत्साह मुझे संगठन के लिए और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा देता है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जन तक पहुँचाएँ और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुट जाएँ।