अयोध्या, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी अयोध्या में अपनी प्रीमियम एलपीजी सेवा ‘भारतगैस लाइट ZIP’ (Bharatgas Lite ZIP) का शुभारंभ किया है।
इस सेवा के तहत ग्राहकों को न्यूनतम औपचारिकताओं के साथ नया एलपीजी कनेक्शन और बुकिंग के बाद मात्र 4 घंटे के भीतर एक्सप्रेस होम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
भारतगैस लाइट ZIP एक प्रीमियम फ्री ट्रेड एलपीजी सेवा है, जिसके तहत उपभोक्ताओं को 10 किलोग्राम क्षमता वाला अत्याधुनिक फाइबर कम्पोजिट एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। यह सेवा डिजिटल प्रीमियम मॉडल, तेज डिलीवरी और बेहतर उपभोक्ता अनुभव का संगम है।

पारंपरिक लोहे के सिलेंडरों की तुलना में नया फाइबर कम्पोजिट सिलेंडर काफी हल्का है, जिससे इसे उठाना और एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना आसान है। इसकी बॉडी फाइबर कम्पोजिट मटीरियल से बनी होने के कारण इसमें जंग नहीं लगता और फर्श पर जंग के निशान पड़ने की समस्या भी नहीं होती। सिलेंडर की ट्रांसलूसेंट बनावट के कारण उपभोक्ता बाहर से ही गैस का स्तर देख सकते हैं, जिससे गैस समाप्त होने का पहले ही अनुमान लगाया जा सकता है। यह सिलेंडर आधुनिक सुरक्षा मानकों और उन्नत तकनीक से लैस है।
यह प्रीमियम सेवा विशेष रूप से तेज और सुविधाजनक एलपीजी सेवा चाहने वाले उपभोक्ताओं को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। अयोध्या में कार्यरत पेशेवरों, छात्रों, छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, हॉस्पिटैलिटी सेक्टर, अस्थायी रूप से रहने वाले नागरिकों और पर्यटकों के लिए यह सेवा उपयोगी विकल्प साबित हो सकती है।
लॉन्च के अवसर पर अयोध्या के जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्रा, एआरओ तथा बीपीसीएल के टीएम नरपत सिंह, विशाल कुमार और अंकित जोनवाल मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि भारतगैस लाइट ZIP ऊर्जा सेवाओं को अधिक स्मार्ट, सुलभ और उपभोक्ता-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कंपनी अपने ग्राहकों को तकनीक आधारित और जीवन को अधिक सुगम बनाने वाले समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के समापन पर जय भारतगैस एवं संतुष्टि भारतगैस के मालिक विपुल नारायण श्रीवास्तव, मैनेजर देवेश श्रीवास्तव तथा जय मां गायत्री गैस सर्विस के मालिक राजा पांडेय ने प्रथम ग्राहक को नया फाइबर कम्पोजिट सिलेंडर सौंपा।
अयोध्या में यह सेवा स्थानीय अधिकृत भारतगैस वितरकों के माध्यम से उपभोक्ताओं के लिए तत्काल प्रभाव से उपलब्ध करा दी गई है।









