उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने राज्य के यात्री परिवहन क्षेत्र का विस्तार करने और यात्रियों को सुगम यात्रा सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से एक बड़ी योजना की शुरुआत की है।
लखनऊ क्षेत्र के अंतर्गत एसी हाई-एंड स्लीपर बस योजना के तहत 15 प्रमुख अंतर्राज्यीय मार्गों पर बसों के संचालन के लिए पात्र और इच्छुक बस ऑपरेटरों तथा फर्मों से आधिकारिक निविदाएं (टेंडर्स) आमंत्रित की गई हैं। यात्री परिवहन व्यवसाय में अपनी पहुंच बढ़ाने और दीर्घकालिक व्यापारिक लाभ कमाने की इच्छा रखने वाले प्राइवेट बस ऑपरेटरों के लिए यह एक बेहद आकर्षक अवसर माना जा रहा है।
इस योजना के तहत चयनित बस ऑपरेटरों को UPSRTC के साथ 8 वर्षों के दीर्घकालिक अनुबंध पर काम करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे उत्तर प्रदेश को देश के अन्य राज्यों से जोड़ने वाले प्रमुख रूटों पर अपनी सेवाएं दे सकेंगे।
परिवहन निगम की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, इस टेंडर (निविदा सं.: 11897/RM/LKO) से जुड़ी सभी आवश्यक पात्रता शर्तों, नियमों और मार्ग विवरण की जानकारी राज्य के आधिकारिक ई-टेंडर पोर्टल (etender.up.nic.in) पर उपलब्ध करा दी गई है।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक ऑपरेटर और फर्में अपनी बिड 7 सितंबर 2026 की अपराह्न 3:00 बजे तक ही ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
निगम का मानना है कि इस साझेदारी से जहां एक ओर निजी बस ऑपरेटरों को नए व्यावसायिक अवसर मिलेंगे, वहीं दूसरी ओर अंतरराज्यीय रूटों पर उच्च स्तरीय एसी स्लीपर बसों के चलने से यात्रियों का सफर अधिक आरामदायक और सुरक्षित बनेगा।









