राजस्थान के सीकर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के चार जवानों को 2.80 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए सभी पुलिसकर्मी उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले स्थित साइबर अपराध थाने में तैनात हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में सब इंस्पेक्टर यशवंत सिंह, कांस्टेबल गौरव, कांस्टेबल सोहनलाल और कांस्टेबल पवन त्रिपाठी शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सीकर जिले के रहने वाले एक व्यक्ति ने राजस्थान एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी का आरोप था कि उसके भाई का नाम अयोध्या के साइबर थाने में दर्ज एक मामले से हटाने और केस को खत्म करने के बदले में आरोपी पुलिसकर्मी चार लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। बातचीत के बाद मामला 2.80 लाख रुपये में तय हुआ, जिसे लेने के लिए चारों पुलिसकर्मी अयोध्या से करीब 800 किलोमीटर दूर सीकर आए थे।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद सीकर एसीबी टीम ने जाल बिछाया और नेशनल हाईवे पर रसीदपुरा टोल प्लाजा के पास आरोपियों को रिश्वत की रकम लेते हुए घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपी पुलिसकर्मियों ने अपनी कार से एसीबी टीम की गाड़ी को टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क अधिकारियों ने पीछा कर चारों को दबोच लिया।
एसीबी ने रिश्वत के 2.80 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं और आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।










