बदायूं के सिविल लाइंस क्षेत्र में बदायूं-मुरादाबाद मार्ग पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार एंबुलेंस और ऑटो रिक्शा की भिडंत हो जाने पर दो लोगों की मौत हो गयी तथा दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गयीं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सुबह करीब पांच बजे ऑटो सवार वजीरगंज से बदायूं की ओर आ रहे थे और रास्ते में सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित दहेमी गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही एंबुलेंस से ऑटो की आमने-सामने की टक्कर हो गयी।
उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में आटो रिक्शा में सवार यूनुस (44) और एक अज्ञात युवक की मौत हो गई जबकि अफसाना एवं सबीना नामक महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूत्रों के अनुसार यूनुस बरेली जिले का रहने वाला था।
सूत्रों ने बताया कि दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में बड़े चिकित्सा केंद्र ले जाया गया। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर यूनुस के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए।
सूत्रों ने बताया कि दुर्घटना के बाद एंबुलेंस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया तथा पुलिस अब उसकी तलाश और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।









