लखनऊ, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल निगम (यूपीएमआरसी) ने लखनऊ मेट्रो के मौजूदा गो स्मार्ट कार्ड धारकों को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) में बदलने की सुविधा शुरू की है। यात्री अपने पुराने गो स्मार्ट कार्ड को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के NCMC कार्ड में बदल सकेंगे।
यूपीएमआरसी के मुताबिक यह विशेष कार्ड एक्सचेंज सुविधा सोमवार से 30 दिनों तक उपलब्ध रहेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे पहले अपने गो स्मार्ट कार्ड में मौजूद शेष राशि का इस्तेमाल कर लें। राशि समाप्त होने के बाद वे मेट्रो स्टेशन पर अपना पुराना कार्ड जमा कर नया NCMC कार्ड मुफ्त में प्राप्त कर सकेंगे।
NCMC को ‘वन नेशन वन कार्ड’ के रूप में जाना जाता है। इसके जरिए यात्रियों को विभिन्न सहभागी परिवहन और भुगतान सेवाओं में एक ही कार्ड इस्तेमाल करने की सुविधा मिलती है। लखनऊ मेट्रो में NCMC से यात्रा करने पर यात्रियों को प्रत्येक यात्रा पर 10 प्रतिशत की छूट भी मिलेगी।
NCMC व्यवस्था लागू होने के बाद गो स्मार्ट कार्ड, टूरिस्ट कार्ड और सुपर सेवर कार्ड सहित लखनऊ मेट्रो के मौजूदा कार्ड धीरे-धीरे बंद किए जाएंगे।
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि NCMC के माध्यम से लखनऊ के लोगों के दैनिक आवागमन को और सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग कार्ड की जगह एक इंटरऑपरेबल कार्ड उपलब्ध कराने का उद्देश्य है, जिससे यात्रियों को विभिन्न परिवहन सेवाओं में सुविधा मिल सके।
उन्होंने सभी गो स्मार्ट कार्ड धारकों से 30 दिन की एक्सचेंज सुविधा का लाभ उठाकर अपने पुराने कार्ड को निःशुल्क NCMC में बदलने की अपील की।








