गोरखपुर, शाहपुर क्षेत्र की 30 वर्षीय महिला ने अपने पति पर कथित तौर पर नपुंसकता की बात छिपाने और दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला के मुताबिक उसकी शादी 17 नवंबर 2024 को रामगढ़ताल क्षेत्र के रहने वाले 32 वर्षीय युवक से हुई थी। शिकायत में बताया गया है कि उसका पति तकनीकी कॉलेज में व्याख्याता है और निजी स्कूल भी संचालित करता है।
महिला ने आरोप लगाया कि शादी के बाद उसका पति लगातार शारीरिक संबंध बनाने से बचता रहा और इसके लिए थकान, उच्च रक्तचाप तथा चिंता जैसी वजहें बताता रहा। बाद में उसे पति की कथित चिकित्सीय स्थिति की जानकारी हुई। महिला का आरोप है कि इस संबंध में ससुराल वालों से सवाल करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया गया।
शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। महिला के मायके पक्ष के अनुसार, शादी में सोने के आभूषण, अन्य कीमती सामान और 20 लाख रुपये नकद दिए गए थे। इसके बावजूद कथित तौर पर 25 लाख रुपये अतिरिक्त मांगे गए।
महिला ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने मांग पूरी नहीं होने तक पति द्वारा उसके साथ नहीं रहने की बात कही। शिकायत के आधार पर रविवार शाम रामगढ़ताल थाने में पति समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की जांच उप निरीक्षक आयशा बानो को सौंपी गई है। रामगढ़ताल थाना प्रभारी श्याम नंद राय ने बताया कि मामले में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









