हरियाणा के करनाल में तीर्थयात्रियों को ले जा रहा एक कैंटर ट्रक हाई-वोल्टेज विद्युत तार की चपेट में आ गया। इस दौरान मदद के लिए पहुंचे एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार 20 से अधिक लोग घायल हो गए।
यह घटना शनिवार देर रात हुई, जब 50 से अधिक तीर्थयात्रियों को लेकर कैंटर राजस्थान के गोगामेड़ी जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, घरौंडा में मिनी बाईपास के पास कैंटर हाई-वोल्टेज विद्युत तार के संपर्क में आ गया, जिससे वाहन में सवार 20 से अधिक लोग घायल हो गए।
इस संबंध में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीर्थयात्रियों की चीख-पुकार सुनकर एक स्थानीय निवासी उनकी मदद के लिए मौके पर पहुंचा। उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, उसे करंट लग गया जिससे उसकी मौत हो गई।’’
अधिकारी ने बताया कि कैंटर के ऊपर एक अतिरिक्त फ्रेम पर लोहे का पाइप लगा था, जो ऊपर से गुजर रही हाई-वोल्टेज विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। उन्होंने कहा कि घायलों को करनाल और पानीपत के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
करनाल के अस्पताल के एक चिकित्सक ने संवाददाताओं को बताया कि कुछ लोगों को हृदय धड़कन संबंधी अनियमितता, निम्न रक्तचाप और शरीर में दर्द की शिकायत है।










