सहारनपुर जिले में शनिवार को तेज रफ्तार वाहन के डिवाइडर से टकराने के बाद सामने से आ रही एक कार से टकरा जाने से भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक उप महानिरीक्षक (डीआईजी) और उनके चालक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 11 बजे सरसावा थाना क्षेत्र के अंतर्गत देहरादून-पंचकूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ।
मृतकों की पहचान आईटीबीपी के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) परमिंदर सिंह (52) और उनके चालक रामशरण (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि डीआईजी के गनर जय राम (38) को गंभीर चोटें आई हैं।
सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनंदन सिंह ने बताया कि हादसे में सामने से आ रही स्विफ्ट कार में सवार तीन लोग भी घायल हुए हैं। उनकी पहचान गुरुनानक सिंह (49), देवेंद्र कौर (55) और गुरनाम सिंह (57) के रूप में हुई है।
सभी घायलों को इलाज के लिए पिलखनी स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। एसएसपी ने बताया कि डीआईजी और उनके दो सहयोगियों को लेकर जा रही स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई और उछलकर दूसरी लेन में चली गई, जहां सामने से आ रही कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने परमिंदर सिंह और रामशरण को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसएसपी ने बताया कि परमिंदर सिंह मूल रूप से पंजाब के रोपड़ के रहने वाले थे और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तैनात थे। वह उत्तराखंड के मसूरी में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद हरियाणा के अंबाला जा रहे थे।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी अरविंद चौहान और एसएसपी अभिनंदन सिंह भी पिलखनी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में विस्तृत कार्रवाई की जा रही है।










