अयोध्या, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग शनिवार को धर्मनगरी अयोध्या पहुंचे। अयोध्या आगमन पर उन्होंने प्रसिद्ध सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी और श्री रामलला के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और देश की समृद्धि तथा सुख-शांति की कामना की।
हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर पहुँचने पर वीरेंद्र सहवाग का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। मंदिर के पुजारी महंत राजू दास ने उन्हें हनुमानगढ़ी के धार्मिक व ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी। दर्शन-पूजन के दौरान महंत राजू दास और सहवाग के बीच काफी आत्मीयता देखने को मिली।
इस दौरान महंत राजू दास, पूर्व क्रिकेटर सहवाग के साथ काफी करीब रहकर तस्वीरें खिंचवाते और उनका मार्गदर्शन करते नजर आए। सहवाग ने भी बेहद सहज भाव से साधु-संतों के साथ समय बिताया और फोटो सेशन में हिस्सा लिया।
रामलला और हनुमानजी महाराज के दर्शन के बाद वीरेंद्र सहवाग ने अयोध्या के प्रमुख साधु-संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। सहवाग को अपने बीच पाकर मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु और क्रिकेट प्रशंसक भी काफी उत्साहित नजर आए।










