लखनऊ, उत्तर प्रदेश विशेष कार्यबल (एसटीएफ) के निरीक्षक सुनील कुमार कीर्ति चक्र से सम्मानित होने वाले उत्तर प्रदेश पुलिस के प्रथम सदस्य बन गए हैं, जिन्हें मरणोपरांत यह सम्मान दिया गया है।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए यह अत्यंत गौरव और सम्मान का विषय है कि एसटीएफ के निरीक्षक स्वर्गीय श्री सुनील कुमार को उनकी अदम्य वीरता एवं कर्तव्य की वेदी पर दिए गए सर्वोच्च बलिदान के सम्मान में भारत सरकार द्वारा मरणोपरांत ‘कीर्ति चक्र’ से अलंकृत किया गया है।’
उत्तर प्रदेश पुलिस ने कहा, ‘इसके साथ ही, अपराधियों के विरुद्ध एक अन्य साहसिक अभियान में प्रदर्शित असाधारण वीरता के लिए उन्हें ‘गैलेंट्री मेडल’ से भी सम्मानित किया गया है। उत्तर प्रदेश सिविल पुलिस के किसी कर्मी को प्रदान किया गया यह प्रथम कीर्ति चक्र है, जो सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार के लिए ऐतिहासिक गौरव का क्षण है।
उल्लेखनीय है कि 20 जनवरी, 2025 को शामली में कुख्यात अपराधियों से हुई मुठभेड़ के दौरान कुमार ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना अदम्य साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपराधियों का मुकाबला किया था।
20 जनवरी-2026 की आधी रात के बाद कड़कड़ाती ठंड में UPSTF के इंस्पेक्टर सुनील सिंह और उनकी टीम की मुठभेड़ पश्चिमी यूपी के कुख्यात मुकीम काला गैंग से हुई. पूरी टीम ने आधे घंटे तक बदमाशों से मोर्चा लिया. इंस्पेक्टर सुनील सिंह को 3 गोलियां लगी और इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हुए थे और 22 जनवरी, 2025 को शहीद हो गए थे।
इससे पूर्व, चार मई, 2023 को जनपद मेरठ के थाना जानी क्षेत्र में एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में 66 अभियोगों में वांछित कुख्यात अपराधी अनिल दुजाना घायल हुआ जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। इस अभियान में प्रदर्शित असाधारण साहस के लिए निरीक्षक सुनील कुमार को स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर वीरता पदक से सम्मानित किया गया है।










