हाथरस में अपराध स्थल पर मिले एक असामान्य पदचिह्न ने हत्या के एक मामले को सुलझाने में पुलिस की मदद की। पुलिस ने आरोपी की पहचान उसके दाहिने पैर की उंगलियों के बल चलने की विशिष्ट चाल के आधार पर की, जिसके बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के अनुसार, “जांच में सामने आया कि हत्या के इस मामले, सहपऊ डाकघर में चोरी और केनरा बैंक शाखा में चोरी के प्रयास की घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ था।”
उन्होंने बताया कि पुलिस की कई टीमों ने करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों तक पहुंचने के लिए मोबाइल डेटा, डिजिटल ट्रेल, खुफिया जानकारी और वैज्ञानिक साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया गया। पुलिस के अनुसार, हत्या स्थल से मिले असामान्य पदचिह्न से महत्वपूर्ण सुराग मिला।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच में पता चला कि आरोपियों में से एक व्यक्ति अपने दाहिने पैर की उंगलियों के बल चलने का आदी था और इस विशिष्ट पहचान चिह्न ने पुलिस को संदिग्ध तक पहुंचने तथा मामले का खुलासा करने में मदद की।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि एक मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा के लिए चंदा एकत्र किया गया है और नकदी मिलने की उम्मीद में उन्होंने सात-आठ जून की दरमियानी रात मंदिर परिसर को निशाना बनाया। पुलिस के अनुसार, चोरी के प्रयास के दौरान मंदिर में रह रहे दिलीप कुमार उर्फ चांदो बाबा जाग गए और उन्होंने आरोपियों को पहचान लिया।
पुलिस ने बताया कि पहचान उजागर होने के डर से आरोपियों ने लोहे की रॉड और ईंट से कथित तौर पर हमला कर बाबा की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, मंदिर से नकदी नहीं मिलने के बाद आरोपियों ने 19-20 जुलाई की रात सहपऊ डाकघर में सेंध लगाकर स्टेट बैंक की स्वाइप मशीन चोरी कर ली और जब वे उससे पैसे निकालने में सफल नहीं हुए तो उन्होंने मशीन को कथित तौर पर तोड़कर फेंक दिया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद 22-23 जुलाई की रात गिरोह ने केनरा बैंक शाखा की कथित तौर पर दीवार तोड़ने का प्रयास किया लेकिन नकदी या कीमती सामान नहीं मिलने पर खाली हाथ लौट गए।
पुलिस ने असामान्य पदचिह्न वाले करण कुमार और सहपऊ निवासी सनी उर्फ धांसू को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया।
सिन्हा ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड और ईंट के अलावा चोरी की गई स्टेट बैंक स्वाइप मशीन के हिस्से भी बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों में उनकी संभावित संलिप्तता की जांच की जा रही है।










