नोएडा, दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही एक स्लीपर बस में बुधवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण आग लग गई। हादसे में एक महिला समेत नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना जेवर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के करीब 33वें किलोमीटर के पास हुई। बस का पंजीकरण नंबर BR32PA8647 बताया गया है।
मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार, बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय बचाव दल और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। जेवर टोल प्लाजा पर तैनात दमकल वाहन के अलावा चार अन्य दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया। बचाव अभियान के दौरान 20 से 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग बुझने के बाद बस के अंदर नौ यात्रियों के शव मिले। पुलिस के अनुसार, मौतें जलने और दम घुटने के कारण हुईं।
प्रारंभिक जांच में बस के एयर-कंडीशनिंग सिस्टम में चिंगारी या धमाके के बाद इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगने की आशंका जताई गई है। आग तेजी से फैलने के कारण यात्रियों को बाहर निकलने में मुश्किल हुई। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आग लगने के वास्तविक कारण की जांच अभी जारी है।
इस मामले में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, कुछ यात्रियों ने बस के चालक के केबिन से जलने की गंध और धुआं आने की बात बताई थी और चालक-परिचालक से बस रोकने की मांग की थी। प्राथमिकी में दोनों के तत्काल बस नहीं रोकने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस इन आरोपों और हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। चालक और परिचालक को हिरासत में लिया गया है तथा संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
हादसे के बाद मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें परिजनों से संपर्क करने तथा घायलों को उपचार उपलब्ध कराने में जुटी हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर शोक जताते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
दुखद..
ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस वे पर कल रात बस में आग लगी। 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत की बात सामने आ रही है। बस नोएडा से महोबा जा रही थी। pic.twitter.com/EjY5OIAB3N
— Dinesh Thakur (@Dinesh_thakur3) September 24, 2026