अयोध्या पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग और ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना मवई और साइबर क्राइम थाना की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, एक टैबलेट सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों से जुड़े बैंक खातों में कुल 63 लाख रुपये भी फ्रीज कराए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकील अहमद उर्फ उर्फी (27) निवासी बसौढ़ी, जनपद अयोध्या और अमन खान (22) निवासी उन्नाव के रूप में हुई है। दोनों मवई क्षेत्र में कथित रूप से एक कॉल सेंटर संचालित कर PLAYERS77.COM नामक गेमिंग एवं ट्रेडिंग वेबसाइट के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन गेम में निवेश का लालच देते थे।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी लोगों को अधिक मुनाफे का झांसा देकर गेमिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश कराते थे। जब पीड़ित अपना पैसा वापस मांगते थे, तब रिफंड के नाम पर टैक्स, सर्विस चार्ज और अन्य शुल्क जमा कराने के लिए कहा जाता था। इस तरह उनसे अतिरिक्त रकम भी ठग ली जाती थी।
11 हजार गेमिंग आईडी और लेनदेन का रिकॉर्ड मिला
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन और टैबलेट की जांच में करीब 11 हजार गेमिंग आईडी-पासवर्ड, लेनदेन का रिकॉर्ड तथा व्हाट्सएप चैट मिली हैं। इन इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा रही है।
63 लाख रुपये फ्रीज, एक आरोपी फरार
जांच के दौरान पुलिस ने अकील अहमद के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते में 6 लाख रुपये तथा एक संदिग्ध एचडीएफसी बैंक खाते में 57 लाख रुपये फ्रीज कराए हैं। मामले में सुफियान नामक एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना मवई में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।









