अयोध्या, बाबा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम प्रयागदत्त पुरवा मजरे रतनपुर में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में 63 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी का शव घर के अंदर चारपाई पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान शिवशरण यादव (63) पुत्र तुलसीराम के रूप में हुई है। वह पंजाब के पटियाला में टेलीफोन विभाग में कार्यरत थे और दो वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त होकर गांव लौट आए थे। उनकी पत्नी और तीनों पुत्र फिलहाल पटियाला में ही रहते हैं जबकि शिवशरण गांव में अकेले रह रहे थे।
ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार दोपहर के बाद जब वह देर शाम तक घर से बाहर नहीं निकले तो संदेह हुआ। ग्रामीण घर के अंदर पहुंचे तो उन्हें चारपाई पर मृत अवस्था में पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शैलेन्द्र कुमार आजाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक का अपने भाई से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
थाना प्रभारी शैलेन्द्र कुमार आजाद ने बताया कि मृतक के परिजन पटियाला में रहते हैं, जिन्हें सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद प्राप्त तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।