मेरठ, एंटी करप्शन यूनिट (Vigilance) ने शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय के बाबू राजीव कुमार सिंघल को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी राजीव कुमार सिंघल GPF (General Provident Fund) की फाइल पास कराने के नाम पर रिश्वत मांग रहा था। पीड़ित व्यक्ति ने जब रिश्वत देने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने फाइल अटकाने की धमकी दी।
इसके बाद पीड़ित ने एंटी करप्शन टीम को शिकायत कर दी। एंटी करप्शन टीम ने शिकायत की सत्यता जांचते हुए पूरे मामले की निगरानी की। आज तय स्थान पर पीड़ित ने राजीव कुमार सिंघल को 25 हजार रुपये की रिश्वत दी। जैसे ही आरोपी ने रकम अपने पास रखी, छिपे हुए विजिलेंस टीम के सदस्यों ने आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मौके से बरामद नोट्स को भी सील कर लिया गया।
आरोपी राजीव कुमार सिंघल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने पहले भी कितने लोगों से रिश्वत ली है।DIOS कार्यालय में लंबे समय से फाइलों को अटकाकर रिश्वत मांगने की शिकायतें आ रही थीं। इस गिरफ्तारी के बाद शिक्षा महकमे में चर्चा तेज हो गई है।
एंटी करप्शन अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। आमजन से अपील की गई है कि कोई भी रिश्वत मांगे तो बिना डरे शिकायत करें।









