अयोध्या, विधायक रामचंद्र यादव के प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र के दो पीड़ित परिवारों को बड़ी राहत मिली है। सऊदी अरब में रोजगार के दौरान असामयिक मृत्यु का शिकार हुए दो श्रमिकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत हुई है।
रविवार को विधायक रामचंद्र यादव, एसडीएम संतोष कुमार , तहसीलदर विजय गुप्ता तथा जिला उपाध्यक्ष सुमन पासवान, राम नेवल लोधी ने उनके घर पहुंचकर सहायता राशि के चेक सौंपे।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत बारी के मजरा पूरे परसन निवासी स्वर्गीय सुरेंद्र कुमार लोधी तथा सराय अहमद निवासी स्वर्गीय गैसराम रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए थे। वहां दोनों की असामयिक मृत्यु हो जाने से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे के दौरान विधायक रामचंद्र यादव ने दोनों परिवारों की पीड़ा और आर्थिक कठिनाइयों से अवगत कराया था। विधायक ने मुख्यमंत्री से सहायता की मांग करते हुए कहा था कि परिवारों को तत्काल राहत की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया था।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर राहत कोष से स्वर्गीय सुरेंद्र कुमार लोधी पुत्र रामदेव तथा स्वर्गीय गैसराम की पत्नी खुशबू कुमारी के लिए दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई।
विधायक रामचंद्र यादव ने रविवार को स्वयं दोनों परिवारों के घर पहुंचकर चेक वितरित किए और परिजनों को ढांढस बंधाया।इस अवसर पर विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार संवेदनशीलता के साथ जरूरतमंद परिवारों की सहायता कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित परिवार को उसकी कठिन घड़ी में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं को शासन तक पहुंचाना और उनका समाधान कराना उनका दायित्व है। सहायता राशि प्राप्त होने पर परिजनों की आंखें नम हो गईं।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधायक रामचंद्र यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मदद उनके लिए कठिन समय में बड़ी राहत साबित होगी। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष सुमन पासवान, राम नेवल लोधी, कुलदीप सोनकर, नरेंद्र लोधी, रामराज लोधी मौजूद रहे।










