अयोध्या, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को रुदौली विधानसभा क्षेत्र को 378 करोड़ रुपये से अधिक की 126 विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने माँ कामाख्या धाम में दर्शन-पूजन से की। मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और मंदिर परिसर में अन्न प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने वीरांगना झलकारी बाई कोरी की अश्वारोही प्रतिमा का अनावरण किया तथा माँ कामाख्या धाम स्मारिका का विमोचन किया। कार्यक्रम स्थल पर अयोध्या के विकास कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर 378 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 126 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार विकास और विरासत दोनों को समान महत्व देते हुए प्रदेश को नई पहचान दिला रही है।
मुख्यमंत्री ने रुदौली विधायक रामचंद्र यादव की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में लगातार विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने मंच से कहा कि माँ कामाख्या धाम की महत्ता को देखते हुए इसका और भव्य विकास कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विधायक रामचंद्र यादव से विकास प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा और आश्वस्त किया कि माँ कामाख्या धाम के विकास के लिए विधायक रामचंद्र यादव जो भी प्रस्ताव भेजेंगे, उसे सरकार प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत करेगी। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन पर जनसभा में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री के हाथों चेक, स्वीकृति पत्र, आवास की चाबी, कृषि यंत्रों की चाबी और आयुष्मान कार्ड प्राप्त कर लाभार्थी उत्साहित नजर आए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गायत्री देवी को 525 स्वयं सहायता समूहों के लिए 7.87 करोड़ रुपये तथा शीला देवी को 500 समूहों के लिए 7.50 करोड़ रुपये का सीसीएल चेक प्रदान किया गया। विद्युत सखी पिंकी यादव और राजेश्वरी को थर्मल प्रिंटर वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत किरण और शिवानी को आवास की चाबी सौंपी गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत अनुज यादव को 5 लाख रुपये, विनीता को 4.43 लाख रुपये तथा सत्येंद्र को 2.60 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
पीएम सूर्य घर योजना के तहत गुलाब चंद्र कौशल और भीष्म नारायण को स्वीकृति पत्र दिए गए। वहीं ओडीओपी योजना के तहत अनूप सिंह और भाग्यलक्ष्मी सिंह को 25-25 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए। खुशीराम और लल्लन प्रसाद को वर्मी कम्पोस्ट खाद किट, जबकि रामप्यारे और शंकर लाल को कृषि यंत्रों की चाबी सौंपी गई। राजबख्श सिंह और रामयश को आयुष्मान भारत कार्ड देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र से जुड़े प्रकरण पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों के माध्यम से जानकारी मिलने के बाद ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी गठित कर दी गई है। एसआईटी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करेगी और यदि कोई दोषी पाया गया तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने रामभक्तों से अपील की कि जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखें और किसी भी प्रकार की भ्रामक बयानबाजी से बचें।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वाले और रामभक्तों पर गोली चलाने वाले लोग आज अयोध्या को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों के बहकावे में आने की आवश्यकता नहीं है। अयोध्या का भव्य और दिव्य स्वरूप कुछ लोगों को स्वीकार नहीं हो रहा है।
वीरांगना झलकारी बाई का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रनायकों और वीर-वीरांगनाओं के सम्मान से नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा मिलती है।डबल इंजन सरकार ने झलकारी बाई, ऊदा देवी, अवंती बाई लोधी और अन्य महान विभूतियों के सम्मान में अनेक योजनाएं शुरू की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर विश्वास किया है, इसलिए नई अयोध्या, नया उत्तर प्रदेश और नई रुदौली का निर्माण संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और विरासत के संरक्षण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा जनता का सहयोग मिलता रहा तो विकास की गति और तेज होगी।
कार्यक्रम में विधायक अमित सिंह चौहान, अभय सिंह, चंद्रभानु पासवान, विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी ‘खब्बू’ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे। विधायक रामचंद्र यादव ने मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया।










