वाराणसी में लड़कों के पेइंग गेस्ट (पीजी) की सीढ़ियों पर खून से लथपथ 19 वर्षीय एक छात्रा का शव मिलने के बाद उसके प्रेमी को जौनपुर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने छात्रा के बॉयफ्रेंड को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने बताया कि हमारा 2 साल से अफेयर था। वह प्रेग्नेंट हो गई थी। गर्भपात के लिए किताबें पढ़ीं, यूट्यूब पर वीडियो देखे। फिर हम दोनों ने तय किया कि दवा से गर्भपात करेंगे।
बुधवार को मैंने उसे हॉस्टल बुलाया। मेरे कमरे में आई तो उसने दवा खाने से मना कर दिया। मैंने उस पर दबाव बनाया, लेकिन वह तैयार नहीं हुई। फिर मैंने उसे जबरन अबॉर्शन की दवा खिला दी। दवा खाते ही उसके पेट में तेज दर्द हुआ। उल्टी और ब्लीडिंग शुरू हो गई। वह बाहर की तरफ भागी और सीढ़ियों से नीचे गिर गई। उसके कपड़े खून से भीग गए थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी घबराकर उसे सीढ़ियों पर छोड़कर जौनपुर अपने घर भाग गया था।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्रा की मौत की वजह ज्यादा खून बहने से हुई बताई गयी है।
सारनाथ थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी को जौनपुर में उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि छात्रा के परिजनों से शिकायत मिलने और मामला दर्ज होने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी ने बताया कि फिलहाल पुलिस छात्रा की मौत की परिस्थितियों की गहनता से जांच कर रही है।
— DCP Varuna Zone Vns (@DcpVns) June 12, 2026










