अयोध्या, नगर क्षेत्र में बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान एक संविदा कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार दुर्गापुरी सब स्टेशन में कार्यरत संविदा कर्मी रामबली 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान नाका सब स्टेशन परिसर के बाहर एक खंभे पर जंफर बांधते समय वह अचानक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट लगने के बाद रामबली संतुलन खो बैठे और खंभे से नीचे गिर गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि रामबली दुर्गापुरी सब स्टेशन के काफी पुराने संविदा कर्मी थे और लंबे समय से विद्युत विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
यह घटना कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत हुई है। संविदा कर्मी की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं विभागीय कर्मचारियों में भी शोक का माहौल है।










