अयोध्या, बकरीद में कुर्बानी पहले से तय और चिन्हित स्थानों पर ही की जाएगी। यह बात बकरीद त्योहार को लेकर कोतवाली रुदौली में आयोजित एक विशेष बैठक के दौरान कोतवाल संजय मौर्य ने कही।
उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने की जिम्मेदारी सभी नागरिकों की है।
कोतवाल संजय मौर्य ने बैठक में अपील की कि कुर्बानी के अवशेषों को किसी भी हाल में खुले में न ले जाया जाए और रास्ते पर अवशेष न गिरें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि किसी भी नए स्थल पर कुर्बानी किए जाने की स्थिति में कड़ी वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
सभी से त्योहार को मिल-जुलकर शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले अराजक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह फैलाने से बचने की अपील की।
बैठक में मौजूद नगर पालिका के वरिष्ठ लिपिक सुरेन्द्र कुमार ने तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि नगर पालिका के विशेष वाहनों द्वारा अवशेषों के सुरक्षित निस्तारण की पूरी तैयारी कर ली गई है, जिसे पालिका द्वारा गड्ढों में दबाकर निस्तारित कराया जाएगा।
वहीं, सभासद मोहम्मद उबैश मुन्ना ने बकरीद के दिन क्षेत्र को विद्युत कटौती से मुक्त रखने और जलापूर्ति का समय बढ़ाए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने बताया कि शहर में नगर पालिका के ओवरहेड टैंक के अलावा जल निगम द्वारा दो अन्य टैंक बनाए गए हैं, जिनका संचालन जल निगम ही करता है, अतः त्योहार के मद्देनजर उनकी आपूर्ति अवधि बढ़ाई जानी बेहद जरूरी है।
इस महत्वपूर्ण बैठक के अवसर पर मौलाना साबिर, सईद, रुखसार, जावेद खान, सोनू, महताब, शमीम अन्सारी व हाफिज क़ुर्बान समेत क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे।










