अयोध्या, रुदौली तहसील क्षेत्र दिन रात हो रहे अवैध खनन की खबरें लगातार आने से रूदौली के जिम्मेदार अधिकारियों की नींद आखिर टूट गई। रविवार देर रात प्रशासन और पुलिस ने अवैध मिट्टी खनन माफियाओं के खिलाफ ऐसा शिकंजा कसा कि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
एसडीएम संतोष कुमार और सीओ आशीष निगम के नेतृत्व में चली हाईवोल्टेज कार्रवाई में दो स्थानों पर छापेमारी कर पांच ट्रैक्टर, सात ट्रॉलियां और एक रैपर मशीन कब्जे में लेकर सीज कर दी गई। रेड पड़ते ही खनन माफियाओं में भगदड़ मच गई। कई लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
रुदौली कोतवाल संजय मौर्य और भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ पूरी रात मोर्चे पर डटे रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि रात के अंधेरे में अवैध मिट्टी खनन का खेल खेलने वालों की अब खैर नहीं।
अधिकारियों ने दो टूक कहा कि खनन माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी रूदौली संतोष जगराम ने बताया कि रविवार की रात पुलिस बल के साथ रूदौली कोतवाली के ग्राम खतीरपुर व मवई थाना के बाबा का पुरवा मजरे नरौली में छापा मारा गया दोनों स्थानों पर कुल मिला कर 5 ट्रेक्टर 7 ट्राली व एक रैपर मशीन को कब्जे में लेकर सीज करने की कार्रवाई की गई कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठा कर भाग निकले।

