दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने एक अंतरराष्ट्रीय यात्री के सामान से 17.720 किलोग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त करने के बाद मादक पदार्थों की तस्करी का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि 12 मई को बैंकॉक से दिल्ली आए एक यात्री पर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर अधिकारियों द्वारा गुप्त रूप से निगरानी रखी गई थी।
बयान में कहा गया है कि इसी दौरान शारजाह से आ रहे एक अन्य यात्री को ग्रीन चैनल पार करते समय बिना किसी बैगेज टैग के बैग ले जाने के कारण मौके पर ही रोक लिया गया।
सामान की एक्स-रे जांच के दौरान सीमा शुल्क अधिकारियों ने कुछ संदिग्ध तस्वीरें देखीं, जिसके बाद विस्तृत जांच शुरू की गई।
बयान में कहा गया है, ‘विस्तृत पूछताछ और व्यक्तिगत तलाशी के बाद यात्री से बैगेज टैग बरामद हुए। यात्री ने स्वीकार किया कि उसे बैंकॉक के यात्री के नाम पर बुक किया गया बैग लेने का निर्देश मिला था।’
बयान के अनुसार, सामान की जांच करने पर बैग के अंदर छिपाकर रखा गया 17.720 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा (गांजा) बरामद हुआ, जिसमें पैकिंग सामग्री भी शामिल थी।
इसमें कहा गया है कि प्रतिबंधित सामग्री को स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के प्रावधानों के तहत जब्त किया गया है और तस्करी गिरोह में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
