अयोध्या, जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, रौनाही थाना क्षेत्र के करेरु गांव में पत्नी ने कथित तौर पर अपने पति की हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद उसने 22 दिन के दुधमुंहे बच्चे को मृत पति के साथ कमरे में बंद कर दिया और बाहर से ताला लगा दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद महिला अयोध्या-लखनऊ रेलखंड पर देवराकोट के पास पहुंची, जहां उसने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।
इधर, कमरे में बंद नवजात शिशु की भी भूख-प्यास के चलते मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर के अन्य सदस्य खेत में गेहूं काटने गए हुए थे।
सूचना मिलने पर मौके पर एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी, लिंक अफसर आशीष निगम और रौनाही पुलिस टीम पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस घटना के पीछे के कारणों की गहन जांच कर रही है। इलाके में इस हृदयविदारक घटना से सनसनी फैल गई है।










