मिर्जापुर जिले में मंगलवार सुबह एक ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसा चुनार-जमुई मार्ग पर अहरौरा थाना क्षेत्र के रोशनहर गांव के पास हुआ।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतकों की पहचान देववती (28), अनुराग (19), और अनमोल (5) के रूप में हुई है। सभी सोनपुर अहिरूपुर गांव के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार, ये सभी लोग एक अनुष्ठान के लिए मोटरसाइकिल से घाटमपुर जा रहे थे, तभी रोशनहर गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि टक्कर जोरदार थी और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में मिले। पुलिस के अनुसार ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया।
इस बीच, लखनऊ में जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना का संज्ञान लिया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

