अयोध्या, नगर पंचायत क्षेत्र में प्रायोजित कामाख्या धाम महोत्सव 2.0 का शुभारंभ शुक्रवार को 1100 कन्याओं के पूजन के साथ भव्य रूप से हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र यादव व महोत्सव न्यास के अध्यक्ष रविकांत तिवारी ने पूरे विधि-विधान से कन्या पूजन कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ कराया।
इस अवसर पर पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण छाया रहा।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और मां कामाख्या के जयकारों से माहौल गूंज उठा। आयोजन स्थल पर लोकसंस्कृति की झलक भी देखने को मिली, जहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
आयोजकों ने बताया कि महोत्सव के दौरान धार्मिक, सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी, जिससे क्षेत्र में आस्था और संस्कृति का प्रसार होगा।
कामाख्या महोत्सव में 238 जोड़ों का सामूहिक विवाह, गूंजे शहनाई के स्वर
कामाख्या महोत्सव के प्रथम दिन समाज कल्याण एवं विकास विभाग की ओर से आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 238 जोड़ों का विवाह धूमधाम और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जहां हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुरोहितों द्वारा कराया गया, वहीं एक मुस्लिम जोड़े का काजी ने निकाह पढ़ाकर सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की।
समारोह में गाजे-बाजे के साथ लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए गए पारंपरिक वैवाहिक गीतों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। घराती और बराती दोनों पक्ष के लोग झूम उठे और पूरे परिसर में खुशियों का वातावरण देखने को मिला।विधायक रामचंद्र यादव ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के लिए बेहद सहायक सिद्ध हो रही है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष रुदौली विधानसभा क्षेत्र में 350 कन्याओं का विवाह इस योजना के अंतर्गत कराया गया है।विवाह के उपरांत सभी नवदंपत्तियों को उपहार प्रदान किए गए तथा उनके बैंक खातों में 60 हजार रुपये की धनराशि भी हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम में बीजेपी जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी,जिला कल्याण अधिकारी रणविजय सिंह, बीजेपी नेता खुन्नू पांडेय, बीडीओ अमित त्रिपाठी, बीडीओ भावना यादव, पूव ब्लाक प्रमुख कमलेश यादव, आलोक यादव, एडीओ पंचायत भगवानदीन, एडीओ समाज कल्याण रजनीश मिश्रा समेत अन्य अधिकारियों ने बारातियों की आवभगत कर जलपान व भोजन की व्यवस्था कराई।










