असम के कार्बी आंगलोंग जिले में सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से भारतीय वायुसेना के दो पायलट की मौत हो गई। भारतीय वायुसेना ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
भारतीय वायु सेना ने रूसी मूल के विमान के लापता होने के एक दिन बाद, शुक्रवार को स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर की मौत की पुष्टि की।
सुखोई-30 लड़ाकू विमान बृहस्पतिवार शाम असम के कार्बी आंगलोंग जिले के ऊपर उड़ान भरते समय रडार से ओझल हो गया था।
भारतीय वायु सेना ने एक संक्षिप्त बयान में बताया कि प्रशिक्षण मिशन पर निकला सुखोई-30 एमकेआई विमान जोरहाट से लगभग 60 किलोमीटर दूर कार्बी आंगलोंग क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
वायुसेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘वायु सेना स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करती है। सुखोई-30 विमान दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौत हो गई। वायुसेना के सभी कर्मी शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं और दुख की इस घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़े हैं।’’
अधिकारियों ने बताया कि रूसी मूल के विमान के साथ संपर्क बृहस्पतिवार रात सात बजकर 42 मिनट पर टूट गया था।
वायुसेना ने बृहस्पतिवार देर रात पुष्टि की कि रडार से ओझल हुआ सुखाई-30एमकेआई विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।
सुखोई 30 एमकेआई रूसी विमान निर्माता सुखोई द्वारा विकसित दो सीट वाला लंबी दूरी का बहुउद्देशीय लड़ाकू विमान है। अब भारत में लाइसेंस के तहत एचएएल इसका निर्माण करता है। वायुसेना के पास 260 से अधिक सुखोई-30एमकेआई विमान हैं।
असम में सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान हादसे में अपने बेटे फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर को खोने वाले रवींद्र दुरागकर के पास अब उनकी यादों के सिवा कुछ नहीं बचा है। बुधवार को बेटे से फोन पर हुई आखिरी बातचीत और 10 दिन पहले परिवार के साथ बिताए आत्मीय पल ही अब उन्हें इस गहरे शोक के बीच किसी तरह संभाले हुए हैं।
भारतीय वायुसेना के अधिकारी, नागपुर के न्यू सूबेदार लेआउट में स्थित पुरवेश दुरागकर के घर उनके पिता को सांत्वना देने पहुंचे जहां गहरे शोक में डूबे रवींद्र किसी तरह खुद को संभालते और बार-बार बस यही कहते रहे कि उनके बेटे को लड़ाकू विमान उड़ाने पर बेहद गर्व था।
भारतीय वायु सेना ने शुक्रवार को बताया कि असम के कार्बी आंगलोंग जिले में सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर की मौत हो गई। सुखोई-30 लड़ाकू विमान बृहस्पतिवार शाम असम के कार्बी आंगलोंग जिले के ऊपर उड़ान भरते समय रडार से ओझल हो गया था।










