नई दिल्ली, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 12 के लिए एक बार फिर ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) शुरू करने का निर्णय लिया है। ओएसएम एक डिजिटल प्रणाली है जिसमें स्कैन की गई उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शिक्षकों द्वारा कंप्यूटर पर किया जाता है और सॉफ्टवेयर द्वारा स्वचालित रूप से अंक गणना की जाती है।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं के सफल संचालन को लेकर 13 फरवरी 2026 को सुबह 11 बजे से लाइव वेबकास्ट आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह वेबिनार लगभग दो घंटे तक चलेगा और सीबीएसई के यूट्यूब चैनल पर प्रसारित किया जाएगा।
सीबीएसई द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, वर्ष 2026 की सेकेंडरी (कक्षा 10) और सीनियर सेकेंडरी (कक्षा 12) बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं में देश-विदेश के 31 हजार से अधिक संबद्ध विद्यालयों के लगभग 46 लाख छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षाएं 8074 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी।
तीन प्रमुख पहल
बोर्ड ने वर्ष 2026 के लिए तीन महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है—
कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाएं (सेकेंडरी एग्जामिनेशन)
कक्षा 12 के लिए ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली
कक्षा 10 में विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों के प्रश्नपत्र का विभाजन
सीबीएसई ने कहा है कि इतने बड़े स्तर पर परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों, शिक्षकों और स्टाफ को नई नीतियों व दिशानिर्देशों की जानकारी देना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से यह लाइव वेबकास्ट आयोजित किया जा रहा है।
स्कूलों के लिए निर्देश
सभी विद्यालय प्राचार्य की निगरानी में लाइव वेबकास्ट देखने की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करेंगे।
कक्षा 9 से 12 तक पढ़ाने वाले शिक्षक एवं परीक्षा कार्य से जुड़े सभी कर्मचारी वेबकास्ट में भाग लेंगे।
वेबकास्ट देखने के लिए स्क्रीन, साउंड सिस्टम और इंटरनेट की व्यवस्था आवश्यक होगी।
किसी भी प्रकार के प्रश्न webinar के दौरान या बाद में सीबीएसई के ईमेल आईडी पर भेजे जा सकते हैं।
कार्यक्रम की जियोटैग्ड फोटो और प्रतिभागियों की संख्या ASAR ऐप पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
सभी क्षेत्रीय अधिकारी (RD/RO) अपने अधिकारियों के साथ वेबिनार में शामिल होंगे।
यह लाइव वेबकास्ट सीबीएसई यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध रहेगा। कार्यक्रम की शुरुआत सीबीएसई के चेयरपर्सन श्रीयुत राहुल सिंह (IAS) के मुख्य संबोधन से होगी।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने सभी विद्यालयों से निर्धारित समय पर वेबिनार से जुड़ने और बोर्ड परीक्षाओं 2026 की तैयारियों को सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया है।




