अयोध्या, रुदौली तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा उधरौरा में सोमवार को अज्ञात कारणों से भीषण आग ने कुछ ही मिनटों में तीन परिवारों के घरों की सारी गृहस्थी जलाकर राख कर दिया। आग की लपटों के बीच खाना बनाने के लिए तीनो घरों के अंदर रखे गैस सिलेंडरों के धमाकों से पूरा गांव दहशत में आ गया लेकिन किस्मत ने साथ दिया और बड़ा हादसा टल गया।
ग्राम सभा उधरौरा में अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।आग की चपेट में आकर मैकू लाल,जुग्गी लाल और लल्लू के घर मय गृहस्थी के साथ पूरी तरह जलकर खाक हो गए। चीख-पुकार और धुएं के बीच गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग की भयावहता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि घरों में रखे तीन गैस सिलेंडर भी आग की जद में आ गए और एक के बाद एक जोरदार धमाकों के साथ फट गए। विस्फोटों से गांव दहल उठा हालांकि संयोगवश किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई ।
घटना की सूचना मिलते ही प्रधान प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह ने तत्काल घटना से तहसील प्रशासन को अवगत कराया। आग लगने की सूचना मिलते ही एसडीएम रूदौली सन्तोष कुमार तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
उपजिलाधिकारी ने मौके का मुआयना कर हालात का जायजा लिया और राहत कार्य तेज करते हुए प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता देने का भरोसा दिलाया। तहसील प्रशासन ने मौके पर 15 कंबलों का वितरण कराया गया और उधरौरा के कोटेदार को निर्देश देकर प्रत्येक पीड़ित परिवार को एक-एक कुंतल गेहूं, एक कुंतल चावल, 5 किलो दाल और चारपाई उपलब्ध कराई गई।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह ने आग से प्रभावित परिवारों को सरकारी आवास कॉलोनी दिलाने का आश्वासन देते हुए कहा कि पीड़ितों की हर संभव मदद की जाएगी ताकि वे फिर से सम्मान के साथ जीवन शुरू कर सकें।

