उच्चतम न्यायालय ने उत्तर प्रदेश में उच्च प्राथमिक विद्यालयों के हजारों संविदा शिक्षकों को बड़ी राहत देते हुए बुधवार को फैसला सुनाया कि वे 2017-18 से 17 हजार रुपये मासिक वेतन पाने के हकदार हैं और उनके अनुबंध की समाप्ति के बाद उन्हें स्थायी रूप से नियुक्त माना जाए।
न्यायालय ने कहा कि इन शिक्षकों का पारिश्रमिक हमेशा के लिए 7,000 रुपये तय करने जैसा अन्यायपूर्ण तरीका जबरन काम कराने और ‘बेगार’ के समान है, जिसपर संविधान के अनुच्छेद 23 के तहत कड़ी पाबंदी है।
उत्तर प्रदेश सरकार की एक अपील खारिज करते हुए, न्यायमूर्ति पंकज मिश्रा और न्यायमूर्ति पीबी वराले की पीठ ने राज्य को आदेश दिया कि वह एक अप्रैल 2026 से इन शिक्षकों को प्रति माह 17,000 रुपये के हिसाब से मानदेय देना शुरू करे, और बकाया राशि का भुगतान आज से छह महीने के अंदर किया जाए।
अदालत ने कहा, ‘आंशिक समय या संविदा पर नियुक्त किए गए प्रशिक्षकों/शिक्षकों की नियुक्ति प्रारंभिक 11 महीने के अनुबंध या विस्तारित अनुबंध की अवधि समाप्त होने पर संविदा नियुक्ति नहीं रह जाती। इन प्रशिक्षकों/शिक्षकों ने दस साल से अधिक समय तक लगातार काम किया है, इसलिए इन्हें स्थायी रूप से नियुक्त माना जाएगा, क्योंकि समय के साथ और काम की निरंतरता को ध्यान में रखते हुए, ऐसे पदों का स्वचालित रूप से सृजन हो जाता है।




