अयोध्या, रुदौली कोतवाली क्षेत्र में बीते कुछ दिनों के भीतर अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रविवार की शाम करीब साढ़े सात बजे कुमारगंज थाना क्षेत्र के रहमानीगंज गांव निवासी सुरजीत कुमार बाइक से रुदौली आ रहे थे। जैसे ही वह रुदौली–अमानीगंज मार्ग पर मिर्जापुर गांव के पास पहुंचे, तभी सड़क के खतरनाक मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और युवक बाइक सहित सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरा।
सूचना मिलते ही कोतवाल संजय मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को तालाब से बाहर निकलवाकर सीएचसी रुदौली भेजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गौरतलब है कि इसी स्थान और इसी तालाब में तीन दिन पहले रौनाही थाना क्षेत्र के ग्राम परशुरामपुर निवासी आकाशदीप शुक्ला की भी मोटरसाइकिल सहित गिरने से मौत हो चुकी है। वह भी उसी खतरनाक मोड़ से गुजर रहा था, जहां बाइक अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी थी। लगातार एक ही जगह पर दो मौतों से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
वहीं रुदौली कोतवाली क्षेत्र में एक अन्य दुर्घटना रौजागांव–अलियाबाद मार्ग पर हुई, जहां पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी रुदौली भेजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राम भवन पुत्र वंतीलाल, निवासी ग्राम कटियार पुरवा के रूप में हुई है।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है। कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने क्षेत्र की सड़कों पर मौजूद खतरनाक मोड़ों, सुरक्षा उपायों की कमी और प्रशासनिक लापरवाही को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने दुर्घटनास्थलों पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और सुरक्षा दीवार बनाए जाने की मांग की है।




