अयोध्या, कैंट कोतवाली क्षेत्र के राजकीय उद्यान, गुप्तार घाट के पास अनियंत्रित कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो किशोरों की मौत हो गई और तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शनिवार की देर रात लगभग दो बजे हुआ है।
रिकाबगंज निवासी सराफा व्यवसायी गीतेश वीरानी का बेटा फागुन (17) और नवीन मंडी क्षेत्र के देवनगर कॉलोनी निवासी उदय नरायण अग्रहरि का बेटा हर्ष नारायण (18), शहर के नाका पहाड़गंज निवासी राकेश सिंह का बेटा अक्षय (16), आपस में दोस्त थे। अक्षय सहादतगंज स्थित दि कैंब्रियन में 11वीं का छात्र था और फागुन जिंगल बेल अकादमी में अध्ययनरत था। जबकि, हर्ष नरायण 12वीं पास कर चुका है।
फागुन अपने पिता की कार से शनिवार की देर रात लगभग 11:30 बजे घर से निकला था। उसके साथ हर्ष नारायण मौजूद था। लगभग 12:30 बजे अक्षय भी उनके साथ चला गया। परिजनों के अनुसार रात में घर के गेट पर ताला लगा दिया गया था। दोस्तों के बुलाने पर अक्षय कूदकर चला गया था। जानकारी होने पर उनकी मां ने अक्षय को कॉल किया तो उसने अपने दोस्त से बात कराई और जल्द ही आने का आश्वासन दिया।
इसी बीच वह लोग छावनी क्षेत्र पहुंच गए। रात लगभग दो बजे कैंट पुलिस को राजकीय उद्यान के पास एक पेड़ से उनकी कार के टकराने की सूचना मिली। पुलिस ने कार सवार तीन लोगों को लगभग 02:35 से 02:50 बजे के बीच जिला अस्पताल भिजवाया।
देर होने पर आधा घंटे बाद उन्होंने फिर से कॉल किया तो इस बार कॉल बेटे ने नहीं, बल्कि एक सिपाही ने उठाई और घटना की जानकारी दी। चिकित्सकों ने अक्षय और फागुन को मृत घोषित कर दिया।
जबकि, हालत गंभीर होने के कारण हर्ष को लखनऊ रेफर कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक हर्ष का गंभीरावस्था में लखनऊ में इलाज चल रहा था। जहाँ उसकी भी मौत हो गई।
वहीं, मृतकों के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद से जिला अस्पताल से लेकर पोस्टमार्टम हाउस और मृतकों के घर तक मातम छाया रहा।




