पटना, बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने 243 सदस्यीय विधानसभा के आगामी चुनावों के लिए रविवार को अपनी सीट-बंटवारे की व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया, जिसके तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) और भाजपा 101-101 सीट पर चुनाव लड़ेंगी जबकि बाकी सीट पर छोटे सहयोगी दल अपने उम्मीदवार उतारेंगे।
जद(यू) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, उपमुख्यमंत्री व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के ‘एक्स’ हैंडल पर यह घोषणा की गई। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29 सीट दिए जाने पर सहमत हो गई है।
‘कम से कम 15 सीट” देने की मांग कर रही केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को केवल छह सीट दी गई हैं, जबकि राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा को भी छह सीटें मिली हैं।
सीट बंटवारे की घोषणा के बाद राजग के प्रमुख नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
पासवान, चौधरी और कुशवाहा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘बिहार है तैयार, फिर से राजग सरकार’।विधानसभा चुनाव के लिए 6 और 11 नवंबर को दो चरण में मतदान होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी।