मेरठ जिले में किठौर थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार सुबह कथित तौर पर क्षेत्र विकास समिति (बीडीसी) के एक सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बताया कि आज सुबह भडौली गांव में प्रमोद कुमार भड़ाना (33) को गोली मार दी गई और इसकी खबर मिलते ही पुलिस ने भड़ाना को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
कुमार के अनुसार इस वारदात के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। हमलावर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीम गठित की गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस अपराध के संबंध में गांव के ही रॉबिन नामक युवक को नामजद किया गया है।
भड़ाना के परिजनों के अनुसार, यह घटना तब हुई जब प्रमोद सुबह खेत में चारा लेने गए थे। भड़ाना भारतीय जनता पार्टी से जुड़े बताए गए हैं।








