अयोध्या, आदर्श नगर पालिका परिषद रुदौली में विधायक रामचंद्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आगामी त्यौहारों के मद्देनजर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में दुर्गा पूजा और रामलीला पंडालों में फॉगिंग और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने और विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्णय लिए गए।
विधायक रामचंद्र यादव ने बताया कि 22 सितंबर को नवरात्रि के प्रथम दिन नगर पालिका रुदौली में विकास कार्यों का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य वित्त आयोग से विकास कार्य हेतु लगभग 5 करोड़ के टेण्डर के स्टीमेट का एक सप्ताह के अन्दर तकनीकी स्वीकृत प्राप्त करते हुए शीघ्र टेण्डर अपलोड करने हेतु अवर अभियंता सिविल को निर्देशित किया गया है।
इसके अलावा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना के अंतर्गत रुदौली से भेलसर मार्ग व रुदौली से रौजागांव मार्ग, दरगाह मार्ग, रुदौली से पौशाला मार्ग पर लगी समस्त स्ट्रीट लाइटों का उद्घाटन 22 सितम्बर को प्रस्तावित है। नगर क्षेत्र में स्वकर प्राणी लागू करने हेतु समस्त प्रक्रिया माह अक्टूबर तक पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया है।
विधायक ने कहा कि नगर को स्वच्छ बनाने के लिए प्रत्येक शनिवार को चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान में नगर वासियों की प्रतिभागिता और बढ़ाते हुए इसे महाअभियान में बदला जाएगा।
बैठक में सभासद रामराज लोधी, आशीष वैश्य, कुलदीप सोनकर, विनय लोधी, उमाशंकर कसौधन, मो. गुफरान, सुरेन्द्र कुमार सहित अन्य सभासद व पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।


