बिजनौर जिले से बुधवार सुबह सनसनीखेज खबर आई। बिजनौर सदर तहसील में तैनात नायब तहसीलदार राजकुमार ने अपने सरकारी आवास के कमरे में लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली।
घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब दो घंटे तक इलाज चला। दोपहर करीब 1:30 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तहसील परिसर के कमरे की तलाशी ली। बताया गया कि गोली चलने के बाद कमरा अंदर से बंद हो गया था, जिसे तोड़कर बाहर निकाला गया।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएम जसजीत कौर, एसपी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल इस घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारी जांच पड़ताल में जुटे हैं। पुलिस ने लाइसेंसी रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया है।पुलिस मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों को खंगाल रही है, ताकि घटना की वजह सामने आ सके।


