वेलिंगटन (न्यूजीलैंड), (एपी) ऑस्ट्रेलिया के एक ग्रामीण इलाके में मंगलवार को एक संपत्ति का निरीक्षण करने गई पुलिस को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी में दो पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि हमलावर फरार है।
विक्टोरिया के मुख्य पुलिस आयुक्त माइक बुश ने निकटवर्ती शहर वांगारट्टा में एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि संदिग्ध ने 59 वर्षीय जांच अधिकारी और 35 वर्षीय वरिष्ठ कांस्टेबल की हत्या कर दी।
बुश ने कहा, ‘‘अधिकारियों की मुलाक़ात अपराधी से हुई और उनकी निर्मम हत्या कर दी गई।’’ पुलिस प्रमुख ने बताया कि भारी हथियारों से लैस वह व्यक्ति अकेले ही पैदल चलकर आसपास के जंगल में भाग गया। उन्होंने बताया कि सैकड़ों अधिकारी अब भी उसकी तलाश कर रहे हैं।
बुश ने यह नहीं बताया कि वारंट किससे संबंधित था और न ही उस व्यक्ति के नाम या उसके कथित इरादों की जानकारी दी। अधिकारी आरोपी की पत्नी और दो बच्चों की भी तलाश कर रहे हैं, जिनका कोई अता-पता नहीं है।
बुश ने बताया कि एक और जांच अधिकारी को गोली लगी है और मंगलवार रात (स्थानीय समयानुसार) में उसकी सर्जरी की गई है। उसकी चोटें जानलेवा नहीं थीं।
पुलिस ने स्थानीय निवासियों से घरों के अंदर रहने का आग्रह किया और लोगों से इलाके में न जाने को कहा। सार्वजनिक इमारतें और पास का हवाई अड्डा बंद कर दिया गया। लगभग 100 छात्रों वाले स्थानीय स्कूल को घंटों तक बंद रखा गया, उसके बाद छात्रों को घर जाने की अनुमति दी गई।
टेलीविजन पर प्रसारित खबरों के मुताबिक बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी रहा। तस्वीरों में दिखाई दे रहा है कि हेलीकॉप्टर और श्वान दस्तों की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है।
पोरेपुंका, जो अपने अंगूर के बागों और प्राकृतिक दृश्यों के लिए जाना जाता है, विक्टोरिया के अल्पाइन पर्यटन क्षेत्र का इसे प्रवेश द्वार माना जाता है।


