प्रयागराज जिले के मानसैता गांव में गंगा नदी में नहाते समय बाढ़ के पानी में डूबने से तीन बच्चों की मृत्यु हो गई जबकि डूबने से बचाए गए दो बच्चों का इलाज किया जा रहा है और उनकी स्थिति सामान्य है।
डीसीपी (गंगा नगर) कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि मंगलवार दोपहर सूचना मिली कि मनकामेश्वर मंदिर के पास गंगा नदी में नहा रहे पांच बच्चे डूब गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस सूचना पर एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और तीन बच्चों अमन पाल (8), शिवम (15) और राजन पाल (17) को बाहर निकाला, जिसमें अमन पाल और शिवम की स्थिति सामान्य है, जबकि राजन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
गुनावत ने बताया कि उत्कर्ष पाल (14) और लकी उर्फ अभिषेक (15) की भी डूबने से मृत्यु हो गई, शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।


