प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर थाना कंधई क्षेत्र में प्रतापगढ़-पट्टी मार्ग पर भीमसेन गांव के पास एक पिकअप और ट्रैक्टर की टक्कर में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक आदित्य सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि ट्रैक्टर पर लिंटर मशीन लदी थी। उन्होंने कहा कि थाना कंधई क्षेत्र के भीमसेन गांव निवासी और लिंटर मशीन संचालक विनोद कुमार गुप्ता बुधवार रात मजदूरों को लेकर पट्टी कस्बा में निर्माण कार्य के सिलसिले में गए थे, जहां से लौटते समय यह हादसा हो गया।
सिंह ने कहा कि प्रतापगढ़-पट्टी मार्ग पर भीमसेन गांव के फाटक के सामने मजदूरों को उतारने के लिए जैसे ही ट्रैक्टर रुका तभी यह हादसा हो गया।
उन्होंने बताया कि तेज गति से आ रहे पिकअप ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी जिससे ट्रैक्टर सवार श्यामू बनवासी उर्फ गन्ने (55),पवन बनवासी (24), रोहित बनवासी (27), राजेंद्र बनवासी (28), मशीन संचालक विनोद कुमार गुप्ता (30) व खलासी अमित यादव (22) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने श्यामू बनवासी व पवन बनवासी को मृत घोषित कर दिया। बाकी चारों घायलों को प्रयागराज स्थित एसआरएन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने कहा कि चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया, लेकिन उसके वाहन को कब्जे मे ले लिया गया है। पुलिस ने कहा कि दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।