राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) संसदीय दल की बैठक में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘हर हर महादेव’ के नारों और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ भव्य स्वागत किया गया।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘ऑपरेशन महादेव’ की सफलता के लिए उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया गया। यह बैठक संसद परिसर में मॉनसून सत्र के दौरान एनडीए की पहली बड़ी सभा थी, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और सहयोगी दलों के सभी सांसद शामिल हुए।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक में नए मनोनीत सांसदों उज्ज्वल निकम, सी. सदानंदन मास्टर और हर्षवर्धन श्रृंगला का परिचय कराया। बैठक की शुरुआत में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सेना के शौर्य को सराहा गया। रिजिजू ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने 24 अप्रैल को मधुबनी में कहा था कि आतंकियों को कड़ी सजा दी जाएगी। हमने बिना किसी नागरिक को नुकसान पहुंचाए आतंकियों को मारा। पाकिस्तान और पीओके में हमने आतंकी ठिकानों पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत कार्रवाई की।
किरेन रिजिजू ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा में विपक्ष के नैरेटिव को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने बताया कि 2014 से पहले भारत में बम विस्फोट आम थे, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। “अब भारत पर कोई आतंकी हमला होता है, तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाता है। भारत किसी परमाणु शक्ति के ब्लैकमेल से डरने वाला नहीं है।
बताना चाहेंगे यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब 7 अगस्त से उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने वाली है। एनडीए के निर्वाचन मंडल में स्पष्ट बहुमत के साथ उम्मीदवार का चयन औपचारिकता मात्र माना जा रहा है। गठबंधन 21 अगस्त तक अपने उम्मीदवार की घोषणा कर सकता है।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘ऑपरेशन महादेव’ को 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले का जवाब माना जा रहा है, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। इन ऑपरेशनों के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों को नष्ट किया और पहलगाम हमले के तीन आतंकियों को मार गिराया। एनडीए सांसदों ने इन ऑपरेशनों की सफलता के लिए एक प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री मोदी की नेतृत्व क्षमता की सराहना की।


