अयोध्या, कैंट क्षेत्र में चोरी हुए पिकअप वाहन को बरामद करते हुए तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें चोरी करने के दो आरोपी और पिकअप को खरीदने का आरोपी शामिल है।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि दो मई को आरोपियों ने प्लाईवुड ले जाने के लिए पिकअप बुक कराया था। इसके बाद जब पिकअप चालक थाना कैंट के जलालाबाद प्लाईवुड फैक्ट्री पहुंचे तो चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया था। जब ड्राइवर बेहोश हो गया तो दोनों आरोपी पिकअप को लेकर फरार हो गए।
होश आने पर ड्राइवर ने अपने मालिक को सूचना दी। इसके बाद थाना कैंट में मुकदमा दर्ज हुआ था। कैंट पुलिस ने शारदा सहायक नहर, रायपुर के पास तीनों आरोपियों को पिकअप वाहन के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों से चोरी किए गए वाहन के साथ मोबाइल और नशीली गोलियां भी बरामद की हैं। आरोपी दयाशंकर भारती पर 20 मुकदमे, संदीप पर नौ मुकदमे और खरीदार वाराणसी के निवासी लक्ष्मण यादव पर पांच मुकदमे दर्ज हैं।


