बहराइच जिले के एक गांव में गोकशी की घटना में वांछित एक व्यक्ति को शनिवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि चार मार्च को थाना जरवल रोड पर गोवंश के अवशेष मिले थे जिसके बाद मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार व शनिवार की दरमियानी रात सूचना मिली कि उक्त घटना में संलिप्त अभियुक्त अशरफ हरचंदा गांव की ओर जा रहा है। जिसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी की और उसे एक संदिग्ध व्यक्ति सुबह करीब चार बजे मोटरसाइकिल पर आता दिखा। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की जिस पर उसने पुलिस दल पर गोली चला दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की जिससे आरोपी के पैर में गोली लग गई, उसे अस्पताल ले जाया गया है।
जरवल रोड थाना क्षेत्र में चार मार्च को हरचंदा गांव के करीब गेहूं व गन्ने के खेत में गोवंश के अवशेष मिले थे जिसके बाद लोगों में आक्रोश फैल गया था और क्षेत्र में तनाव जैसी स्थिति थी।


