गाजियाबाद जिले के लोनी बॉर्डर क्षेत्र में पुलिस ने धन के लेन-देन को लेकर अपने पड़ोस में रहने वाले मित्र की हत्या करने और उसका शव अपने घर में दफनाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
सहायक पुलिस आयुक्त अजय कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने सोमवार को दीपक नामक व्यक्ति की हत्या के मामले में उसके पड़ोसी और मित्र अंकित (26) को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि दीपक व अंकित ‘पीवीसी फॉल्स सीलिंग’ कारीगर के तौर पर साथ काम करते थे और दीपक ने हाल में पांच-छह लाख रुपये कमाये थे जिससे अंकित के मन में लालच पैदा हो गया और उसने धन लूटने की योजना बनायी।
सिंह के मुताबिक अंकित ने पूछताछ में बताया है कि सोमवार को दीपक उसके घर गया और ऊपर के कमरे में पहुंचा, जहां वह अपने दो दोस्तों के साथ बैठा था।
उन्होंने कहा कि जैसे ही दीपक कमरे में दाखिल हुआ उसके दोनों दोस्तों ने उसे पीछे से पकड़ लिया और मोबाइल छीनकर उसका पासवर्ड पूछा।
सिंह ने बताया कि अंकित के अनुसार उसने कमरे में रखी लोहे की छड़ और कुदाल से दीपक की पीठ पर वार किया, जिससे वह फर्श पर गिर गया, उसके बाद उसने अपने दोस्तों की मदद से दीपक को उठाया और घर के भूतल पर बने कमरे में सीढ़ियों से नीचे ले गए।
पुलिस ने बताया कि अंकित के मुताबिक उसके दोनों दोस्तों ने कमरे में डबल बेड के नीचे गड्ढा खोदा और दीपक के शव को दफनाकर नमक छिड़क दिया ताकि दुर्गंध न आए।
अंकित ने पुलिस को बताया कि उसने दीपक के खाते से 40 हजार रुपये निकाले जिसे उसने और उसके दोस्तों ने आपस में बराबर बांट लिए। सिंह ने बताया कि दीपक की पत्नी शीतल ने मंगलवार को अपने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अपराध में इस्तेमाल हुई खून से सनी लोहे की छड़ और कुदाल भी बरामद कर ली गई है।


