मॉस्को, (एपी) अजरबैजान एयरलाइन्स का एक विमान बुधवार को कजाखस्तानी शहर अकताऊ में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 30 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका है। उन्होंने बताया कि विमान में 67 लोग सवार थे और कम से कम 32 लोग बच गये।
Moment Azerbaijan Airlines plane crashes with over 70 on board. pic.twitter.com/sA2HeQwrVf
— Roya News English (@RoyaNewsEnglish) December 25, 2024
कजाखस्तान के आपात मंत्रालय ने एक टेलीग्राम बयान में कहा कि विमान में सवार लोगों में चालक दल के पांच सदस्य शामिल थे। मंत्रालय ने रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘रिया नोवोस्ती’ को बताया कि कम से कम 29 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रूसी समाचार एजेंसी ‘इंटरफैक्स’ ने चिकित्साकर्मियों के हवाले से अपनी खबर में बताया कि चार शव बरामद कर लिये गए हैं तथा घटनास्थल पर मौजूद आपात सेवा के कर्मियों ने बताया कि प्रारंभिक आकलन के अनुसार दोनों पायलट दुर्घटना में मारे गए हैं।
अजरबैजान एयरलाइन्स ने पहले कहा था कि उसके द एंब्रेयर 190 विमान को आपात स्थिति में शहर से तीन किलोमीटर दूर उतरना पड़ा।
कजाखस्तान के आपात मंत्रालय ने शुरू में कहा था कि दुर्घटना में 25 लोग बच गए हैं। बाद में उसने यह संख्या 27 बताई और फिर इसे 28 और 29 बताया। अजरबैजान के महाभियोजक कार्यालय ने बाद में बताया कि दुर्घटना में कम से कम 32 लोगों की जान बच गयी तथा यह संख्या अंतिम नहीं है। विमान ने अजरबैजान की राजधानी बाकू से रूस के शहर ग्रोंजी के लिए उड़ान भरी थी।
अजरबैजान एयरलाइन्स के अनुसार, विमान में सवार 37 यात्री अजरबैजानी नागरिक थे। इसके अलावा इसमें 16 रूसी नागरिक, कजाखस्तान के छह और किर्गिस्तान के तीन नागरिक भी थे।
रूस की संघीय हवाई परिवहन एजेंसी के एक प्रवक्ता ने कहा कि प्रारंभिक सूचना से पता चलता है कि विमान से एक पक्षी के टकराने के बाद पायलट ने विमान को अकताऊ की ओर मोड़ने का फैसला किया और आपात स्थिति में उसे उतारना पड़ा।
ऑनलाइन सामने आ रहे मोबाइल फोन फुटेज में विमान को तेजी से जमीन पर गिरते और उसमें आग लगते देखा जा सकता है। एक अन्य फुटेज में विमान का पिछला हिस्सा पंखों से अलग होते हुए और बाकी हिस्सा घास में उल्टा पड़ा हुआ देखा गया।
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए कुछ वीडियो में जीवित बचे लोगों को विमान के मलबे से साथी यात्रियों को खींचते हुए देखा जा सकता है।
‘फ्लाइटरडार24’ ने अलग से एक ऑनलाइन पोस्ट में कहा कि विमान को ‘‘जीपीएस जैमिंग’’ का सामना करना पड़ा, जिससे “विमान गलत एडीएस-बी डेटा भेज रहा था’’।
विमान निर्माता कंपनी एंब्रेयर ने बुधवार सुबह घटना पर प्रतिक्रिया देने के अनुरोध पर तत्काल कोई जवाब नहीं दिया है। अजरबैजान एयरलाइन्स ने एक बयान में कहा कि वह जनता को ताजा जानकारी देती रहेगी।
अजरबैजान की सरकारी समाचार एजेंसी, ‘अजरटैक’ ने कहा कि अजरबैजान के आपात विभाग के मंत्री, देश के उप महाभियोजक और अजरबैजान एयरलाइन्स के उपाध्यक्ष सहित एक आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल को ‘‘मौके पर जांच’’ के लिए अकताऊ भेजा गया है।
राष्ट्रपति की प्रेस सेवा ने बताया कि अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव सेंट पीटर्सबर्ग की यात्रा पर थे और वह दुर्घटना की खबर सुनकर अजरबैजान लौट आये।
अलीयेव ने सोशल मीडिया पर एक बयान में पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा, ‘‘मैं बहुत दुख के साथ पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
रूसी राष्ट्रपति भवन ‘क्रेमलिन’ के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने संवाददाताओं को बताया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अलीयेव से फोन पर बात की और अपनी संवेदना व्यक्त की। कजाखस्तान और अजरबैजान दोनों के अधिकारी इस दुर्घटना की जांच कर रहे हैं।
विमान निर्माता कंपनी एंब्रेयर ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को दिए एक बयान में कहा कि कंपनी “सभी संबंधित अधिकारियों की सहायता के लिए तैयार है।