अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र के सोहावल और देवराकोट स्टेशन के बीच से गुजर रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर कुछ शरारती तत्वों द्वारा पत्थरबाजी की गई।
इस घटना के चलते ट्रेन के एक कोच का शीशा चटक गया है। इस हमले की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी में हड़कंप मच गया।
आरपीएफ टीम ने रेलवे फाटक परशुरामपुर के पास पहुंचकर घटना स्थल का मुआयना किया और पत्थरबाजी करने वालों की खोजबीन में जुट गई, परंतु अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
सूत्रों के अनुसार, यह घटना शनिवार दोपहर 3:36 बजे हुई, जब ट्रेन संख्या 22425 वंदे भारत एक्सप्रेस अयोध्या कैंट से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन ने 3:34 बजे सोहावल स्टेशन को क्रॉस किया, और देवराकोट स्टेशन से पहले ही किसी ने ट्रेन पर पत्थर फेंक दिए।
ट्रेन लखनऊ पहुंची और सुरक्षा जांच की गई, तब यह पाया गया कि सोहावल स्टेशन के बाद ही पत्थर फेंके गए थे। आरपीएफ को अब मुख्यालय से घटना का वीडियो मिलने का इंतजार है ताकि मामले की गहराई से जांच की जा सके और दोषियों का पता लगाया जा सके।


