अयोध्या, मुख्य विकास अधिकारी ऋषिराज ने सुबह 10.10 बजे अचानक 28 विभागों के दफ्तरों से हाजिरी रजिस्टर मंगा लिया। जब इसे देखा तो वे दंग रह गए।
इन सरकारी कार्यालयों के 56 कर्मचारी समय से नहीं पहुंचे थे। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए सभी कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया।
विभागाध्यक्षों के माध्यम से सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कराया। विकास भवन में 28 विभागों के कार्यालय हैं। सीडीओ को गोपनीय जानकारी मिली थी कि कई कर्मचारी कभी भी ऑफिस निर्धारित समय सुबह 10 बजे नहीं आते हैं। लेट लतीफी उनकी आदत में शामिल है।
इससे उन कर्मचारियों में आक्रोश पनपता है जो रोज तय समय पर ऑफिस आ जाते हैं।
सच्चाई जानने के लिए सीडीओ ने सुबह 10.10 बजे इन सभी दफ्तरों के कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर उनके विभागाध्यक्षों के माध्यम से मंगा लिया।
पता चला कि 56 कर्मचारी नहीं पहुंचे हैं। इसके बाद सीडीओ ने सभी विभागाध्यक्षों को फटकार लगाते हुए कहा कि वे अपने मातहत कर्मचारियों की अनुशासनहीनता की अनदेखी न करें। यह तय करें कि सभी लोग समय से पहुंचें और किसी भी सूरत में शाम पांच बजे से पहले न निकलें।
हाजिरी रजिस्टर उनके विभागाध्यक्षों के माध्यम से मंगा लिया। सभी कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए आप लोग ही जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि अब वे नियमित रूप से इसी तरह हाजिरी रजिस्टर मंगाकर और खुद दफ्तरों में पहुंचकर उपस्थिति चेक करेंगे।
यदि आगे भी सुधार नहीं हुआ तो विभागाध्यक्षों पर भी कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि वे खुद भी समय से पहुंचकर अपने अधीनस्थ सहयोगियों के लिए नजीर पेश करें।