जालौन, जालौन के कैलिया थाने में तैनात मुख्य आरक्षी वीरेंद्र सिंह की मौत से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक उनके कमरे में खून से लथपथ शव मिलने और गले पर गहरे चोट के निशान ने इस मौत को संदेहास्पद बना दिया है।
वीरेंद्र सिंह के परिजनों का आरोप है कि उनकी हत्या की गई है, जबकि पुलिस आत्महत्या की बात कह रही है। इस रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब ढूंढने में पुलिस जुटी हुई है।
मुख्य आरक्षी वीरेंद्र सिंह का शव उनके कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला। शव के पास टूटी हुई रस्सी पंखे से लटकी हुई पाई गई और मृतक के गले में रस्सी का फंदा लिपटा हुआ था। इस घटना ने पूरे थाने में सनसनी फैला दी है।
वहीं इस मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। वीरेंद्र सिंह के परिजनों ने इस घटना को हत्या करार दिया है। पुलिस का कहना है कि फांसी लगाने के दौरान रस्सी टूट जाने से यह दुर्घटना हुई और आत्महत्या के प्रयास में गला कट गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।


