नोएडा, किसी भी इंसान की जबान ही उसे सम्मान दिलाती और जबान ही लोगों को अपमानित करा देती है। नोएडा में भी कुछ ऐसा ही हुआ जब इसी जबान के कारण शादी होने के बाद टूट गई।
बता दें कि एक घर में दो सगी बहनों का निकाह दो सगे भाइयों से तय हुआ था। निकाह लगभग पूरा हो गया था, विदाई से पहले सलामी की रस्म में एक दूल्हे ने कुछ ऐसा कमेंट कर दिया कि बवाल ही खड़ा हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार नोएडा के जारचा एरिया के कलौंदा गांव में तीन दिन पहले यह घटना हुई। जब दो दूल्हों की बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। कहा जा रहा है कि निकाह के बाद सलामी की रस्म पर जाने से दूल्हों के दोस्तों को रोक दिया गया।
इससे नाराज एक दुल्हे ने दुल्हन पर अश्लील कमेंट कर दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इस कदर बढ़ा कि ग्रामीणों ने दोनों दूल्हों समेत कुछ बारातियों को बंधक बना लिया।
रातभर पंचायत के बाद दावत का खर्च देने पर समझौता हुआ, ट्रक में लदा सामान उतार लिया गया और तलाक के बाद उन्हें छोड़ा गया। इसके बाद दूल्हों को बिना दुल्हन के बैरंग लौटा दिया गया।
बताया गया कि लड़कियों के पिता की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। बिरादरी के लोगों ने मिलकर दोनों बेटियों की शादी में दहेज के सामान और रुपयों से मदद की थी।
लड़की के चाचा नफीस ने बताया कि छोटे दूल्हे ने सलामी की रस्म पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे विवाद हो गया। बंधक जैसी कोई बात नहीं थी। दोनों पक्षों के लोगों ने बैठक कर फैसला किया। उसमें दावत खर्च के रुपये दिए गए। हालाकि पुलिस में इस बात की शिकायत नहीं की गई।


