लखनऊ, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक अपना दल (सोनेलाल) ने मंगलवार को मिर्जापुर और राबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की।
इस सूची के मुताबिक पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर लोकसभा क्षेत्र से और सोनभद्र जिले की पार्टी विधायक रिंकी कोल राबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित की गयी हैं।
राजग ने उत्तर प्रदेश में कुर्मी बिरादरी की प्रमुख जनाधार वाले अपना दल (एस) के हिस्से में दो सीट दी हैं।
राजग में शामिल होने के बाद अनुप्रिया पटेल ने 2014 और 2019 में मिर्जापुर से चुनाव जीता और वह तीसरी बार इस गठबंधन की उम्मीदवार हैं। 2014 और 2019 में इस दल को दो-दो सीट मिलीं और दोनों बार पार्टी ने शत-प्रतिशत जीत हासिल की।
अपना दल ने अपने मौजूदा सांसद पकौड़ी कोल को मौका न देकर उनकी पुत्रवधू एवं छानबे की विधायक रिंकी कोल को उम्मीदवार बनाया है। छानबे विधानसभा क्षेत्र मिर्जापुर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है, जिसका प्रतिनिधित्व पहले रिंकी कोल के पति राहुल प्रकाश कोल ने किया था। वर्ष 2023 में राहुल कोल के निधन के बाद उप चुनाव में रिंकी कोल निर्वाचित हुईं।
मिर्जापुर और राबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र में सातवें चरण में एक जून को मतदान होगा।


