अरुणाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण भूस्खलन हुआ और राष्ट्रीय राजमार्ग-313 का एक हिस्सा धंस गया जिससे यातायात बाधित हो गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। निचली दिबांग घाटी में रोइंग को एनीनी से जोड़ने वाले अहम राजमार्ग के एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होने से दिबांग घाटी जिले से जमीनी संपर्क टूट गया है।
अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात भूस्खलन के कारण हुनली और एनीनी के बीच सड़क क्षतिग्रस्त हो गई जिससे सीमावर्ती जिले का मुख्य भूमि से संपर्क कट गया है।
अरुणाचल प्रदेश की चार विधानसभा सीट के आठ मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार को पुनर्मतदान हुआ और करीब 74 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। हालांकि, मतदान प्रतिशत बढ़ने की संभावना है क्योंकि मतदान के लिए निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी सैकड़ों मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए कतारों में खड़े थे।
मणिपुर में हुए विस्फोट में राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर एक प्रमुख पुल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे राज्य की राजधानी इंफाल में आवश्यक वस्तुएं ले जा रहे 150 से अधिक ट्रक बुधवार को सेनापति जिले में फंस गए। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि अज्ञात लोगों ने देर रात करीब 12:45 बजे शक्तिशाली आईईडी विस्फोट किया, जिससे कांगपोकपी जिले में कोउब्रू लेइखा और सपरमीना के बीच स्थित पुल क्षतिग्रस्त हो गया। जातीय हिंसा से प्रभावित मणिपुर में हुए विस्फोट में पुल के मध्य भाग में तीन गड्ढे हो गए।
हालांकि विस्फोट में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। मणिपुर सरकार ने “किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए” एनएच-2 पर सपरमीना और कोउब्रू लेइखा के बीच भारी वाहनों की आवाजाही पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।


